राजनांदगांव, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।जिले की थाना डोंगरगांव पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शराब कोचिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 32 नग देशी प्लेन शराब (शोले) जब्त की गई है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 13 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसायकल टीवीएस एक्सल सुपर क्रमांक CG 08 V 2194 में निर्धारित मात्रा से अधिक शराब रखकर ग्राम कुमर्दा से चारभाठा की ओर जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना डोंगरगांव पुलिस ने निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में टीम गठित कर ग्राम कुमर्दा बड़ा तालाब के पास घेराबंदी की।
घेराबंदी के दौरान एक आरोपी को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 32 पौवा देशी शराब (कुल 5.760 बल्क लीटर) कीमती 2,560 रुपये तथा एक मोटरसायकल टीवीएस एक्सल सुपर कीमती 15,000 रुपये बरामद की गई। कुल 17,560 रुपये की जब्ती की गई है।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुंदरलाल वाल्दे (58 वर्ष) निवासी ग्राम चारभाठा (कु.), थाना डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव बताया। मौके पर पंचनामा तैयार कर शराब को विधिवत जब्त कर लिया गया है।
पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
