रायपुर, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। राजधानी रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लालपुर ओव्हरब्रिज के नीचे ऑनलाईन सट्टा संचालित कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सट्टा संचालन में प्रयुक्त 02 मोबाइल फोन तथा 10 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना क्षेत्रांतर्गत लालपुर ओव्हरब्रिज के नीचे दो व्यक्ति ऑनलाईन क्रिकेट सट्टा चला रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल एवं थाना प्रभारी न्यू राजेन्द्र नगर को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर के बताए हुलिये के आधार पर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम विशाल धामेचा और सौरभ पिंजवानी, निवासी रायपुर बताया।
जांच के दौरान उनके मोबाइल फोन चेक करने पर यह पाया गया कि वे “ऑल पैनल एक्सचेंज” नामक ऑनलाइन बैटिंग साइट के माध्यम से आईडी बनाकर क्रिकेट सट्टा खेल रहे थे और अन्य लोगों को भी खिला रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
प्रकरण में आईडी लेकर ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले अन्य ग्राहकों की जानकारी भी पुलिस को मिली है, जिनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
