रायपुर, 14 फरवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)। रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत खमतराई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धारदार चाकू लहराकर आम लोगों को आतंकित कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व में पॉक्सो एक्ट के तहत जेल जा चुका है।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में क्षेत्र में असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 14 फरवरी को थाना खमतराई पुलिस को सूचना मिली कि सन्यासी पारा अंडरब्रिज के पास एक युवक स्टील का धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अंडरब्रिज के दोनों ओर से घेराबंदी कर युवक को धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पृथ्वीराज चौहान (24 वर्ष), पिता मुकेश चौहान, निवासी छोटापारा आरवीएच कॉलोनी, थाना खमतराई, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक नग स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
