उत्तर बस्तर, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले के थाना नरहरपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनसागर में बने एनीकेट (डेम) का लोहे का गेट चोरी कर ले जा रहे एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी गेट को उखाड़कर मोटरसायकल में रखकर ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी संदीप कुंजाम (35 वर्ष), निवासी बनसागर थाना नरहरपुर, ने थाना में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि 12 फरवरी 2026 की रात लगभग 9 बजे ग्राम बनसागर स्थित नकटी नदी पर बने डेम के फाटक को दो व्यक्ति मोटरसायकल क्रमांक CG 05 W 6046 में चोरी कर किशनपुरी से आंखीहर्रा रोड होते हुए नरहरपुर की ओर ले जा रहे थे।
रिपोर्ट के आधार पर थाना नरहरपुर में धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपी अजीत कुमार कल्लो (21 वर्ष), पिता बलिराम कल्लो एवं एक नाबालिग बालक, दोनों निवासी बतबनी थाना नरहरपुर, को अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया। इसके बाद 13 फरवरी 2026 को उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
