बिलासपुर, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में अड्डेबाजी कर अशांति फैलाने और राहगीरों को परेशान करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। मामले में 6 आरोपियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया।
जानकारी के अनुसार, रजनेश सिंह (उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर) द्वारा थाना क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने, लड़ाई-झगड़े की घटनाओं पर रोक लगाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर जमावड़ा बनाकर आमजन को परेशान करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) के दिशा-निर्देश में थाना प्रभारी सिरगिट्टी निरीक्षक किशोर के नेतृत्व में टीम गठित कर सघन बाइक पेट्रोलिंग की गई। इस दौरान 6 आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में सगर सिंह (18), रजत दुबे (23), रितिक दुबे (24), इरफान खान उर्फ बघीरा (19), मनोज पटेल (31) एवं राजलाल सिंह मरावी (22) शामिल हैं। सभी के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
