जांजगीर-चांपा, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हाई स्कूल मैदान मेला ग्राउंड में धारदार हथियार लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो नग धारदार हथियार जब्त किए हैं।
मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भापुसे) के निर्देश पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन एवं थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम मेले में पेट्रोलिंग कर रही थी।
इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ युवक मेले में हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैला रहे हैं। तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों — अरुण उर्फ सागर बंजारे (24 वर्ष) निवासी खड़पड़ी पारा तथा रितेश राठौर (19 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 21 खड़पड़ी पारा, जांजगीर — को पकड़ा।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध पृथक-पृथक आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
