जगदलपुर, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। ग्रामीणों से जमीन मरम्मत के लिए लोन दिलाने और नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को कोरर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध थाना कोरर एवं थाना बड़ांजी (जगदलपुर) में धोखाधड़ी के दो मामले दर्ज हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी आनंद राम उसेण्डी निवासी भोडिया थाना कोरर ने 27 जनवरी 2026 को थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी नोमेश कुंजाम पिता कपूरचंद, ग्राम मालगांव चौकी दुधावा थाना नरहरपुर जिला उत्तर बस्तर कांकेर निवासी, ने उनके एवं परिवार से कुल 24,37,567 रुपये लोन दिलाने और नौकरी लगाने के नाम पर ठगी की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भापुसे.) के निर्देशन, एएसपी योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी।
सूचना मिलने पर कि आरोपी ग्राम गोविंदपुर में गुरुद्वारा के पास मौजूद है, पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल ग्राम हात्मा विश्रामपुरी में छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 19 बीडी 1695 तथा ग्रामीणों के जमीन संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि ठगी की रकम निजी कार्यों तथा स्वयं एवं पत्नी के इलाज में खर्च कर दी। अपराध स्वीकार करने पर 14 फरवरी 2026 को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
