गरियाबंद, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले के राजिम थाना क्षेत्र अंतर्गत श्यामनगर-देवरी मार्ग पर नहर किनारे एक युवती का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने आसपास तलाश की, जहां झाड़ियों के बीच शव पड़ा मिला।
सूचना मिलते ही राजिम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से क्षेत्र में बदबू फैल रही थी। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने स्रोत की तलाश की तो नहर किनारे शव दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
प्रारंभिक जांच में मृतका की पहचान रायपुर के टिकरापारा निवासी चंचल साहू के रूप में हुई है, जो 30 जनवरी से लापता थी। परिजनों द्वारा पहले ही टिकरापारा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। शव की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
घटनास्थल पर एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मृतका की कॉल डिटेल सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की है, वहीं पुलिस ने हर एंगल से जांच कर सच्चाई सामने लाने का आश्वासन दिया है।
