गिधपुरी, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गिधपुरी थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई समाधान सेल में मिली सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, समाधान सेल हेल्पलाइन पर सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग अवैध रूप से शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहे हैं। इस पर थाना गिधपुरी एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम गिधपुरी-जुनवानी रोड पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से करीब 150 पाव देशी मसाला शराब, जिसकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई गई है, तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 07 AJ 2230) जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मदन ओगरे (36 वर्ष) एवं प्रदीप डहरिया (22 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम गाड़ाकुसमी, थाना गिधपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में संचालित समाधान सेल के माध्यम से आपराधिक गतिविधियों की सूचना प्राप्त कर त्वरित कार्रवाई की जा रही है, जिससे अपराधियों की धरपकड़ में लगातार सफलता मिल रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर दें, जिससे समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
