गरियाबंद, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे नया सवेरा अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला को 18 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 3600 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम छिन्दौला निवासी सुनीता सोनवानी अपने घर में अवैध रूप से महुआ शराब रखकर उसकी बिक्री कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और महिला को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान तीन प्लास्टिक जरकीन से कुल 18 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में पेश किया।
गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
