कांकेर, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले के अंतागढ़ थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले फरार आरोपी को कर्नाटक से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से फरार था, जिसे पुलिस ने तकनीकी सहायता से ट्रेस कर पकड़ लिया।
शादी का वादा कर बनाया शारीरिक संबंध
पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी सौरभ नुरेटी (23 वर्ष), निवासी घुमसीमुंडा, ने उससे शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया और फरार हो गया। घटना के बाद उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया था।
मामला दर्ज, जांच के बाद गिरफ्तारी
पीड़िता की शिकायत पर अंतागढ़ थाना में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
कर्नाटक से दबोचा गया आरोपी
साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन कर्नाटक के शिरा क्षेत्र में ट्रेस की गई। पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर अंतागढ़ लाया गया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
टीमवर्क से मिली सफलता
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश जायसवाल, उपनिरीक्षक हेमलता परिहार सहित पुलिस टीम और साइबर सेल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, हिंसा या अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 94791-55925 पर तुरंत संपर्क करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
