रायपुर, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। राजधानी में आयोजित होने वाला चर्चित अभिनेत्री सनी लियोनी का कार्यक्रम अब रद्द कर दिया गया है। 22 फरवरी को होने वाले इस इवेंट का कुछ संगठनों द्वारा विरोध किया जा रहा था, जिसके बाद आयोजकों ने अभिनेत्री की उपस्थिति निरस्त करने का निर्णय लिया।
आयोजकों के मुताबिक सनी लियोनी ने कार्यक्रम के प्रमोशन के लिए वीडियो भी जारी किया था। कार्यक्रम को लेकर विरोध प्रदर्शन और प्रशासन को ज्ञापन सौंपे जाने के बाद यह फैसला लिया गया।
हालांकि आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम पूरी तरह से निरस्त नहीं होगा। पूर्व निर्धारित तिथि पर सूफी संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिन लोगों ने पास या टिकट खरीदे हैं, उन्हें रिफंड नहीं दिया जाएगा बल्कि वे नए कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे।
प्रशासन की निगरानी में अब कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किए जाने की तैयारी की जा रही है।
