धमतरी, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सुरक्षा बल के चार जवानों की मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
खपरी बाईपास के पास हुआ हादसा
हादसा ग्राम खपरी बाईपास के पास हुआ, जहां जवानों को लेकर आ रही एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
गैस कटर से निकाले गए जवान
टक्कर के बाद कार में सवार सभी जवान बुरी तरह फंस गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद गैस कटर की मदद से जवानों को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल भेजा गया।
चार जवानों ने तोड़ा दम
दुर्घटना में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल जवानों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। एक जवान की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।
जगदलपुर से लौट रहे थे जवान
प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी जवान 201 कोबरा बटालियन के थे और जगदलपुर से लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
पुलिस जांच जारी
सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
(दुर्ग भिलाई अपडेट)
