रायगढ़, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 10वीं कक्षा के छात्र की जान चली गई। तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए नाबालिग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना से पूरे गांव और स्कूल में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, कुकुर्दा गांव निवासी अंकुश मेहर साइकिल से तालाब नहाने जा रहा था। नदी पुल के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ऑटो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण डॉक्टर उसे नहीं बचा सके।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने ऑटो चालक संजय अग्रवाल को पकड़ लिया था। वह बाद में घायल छात्र को देखने भी गया, लेकिन युवक की मौत की सूचना मिलते ही मौके से फरार हो गया।
अंकुश 10वीं कक्षा का छात्र था और अघोर आश्रम बनोरा में पढ़ाई कर रहा था। उसकी बोर्ड परीक्षाएं मात्र 8 दिन बाद शुरू होने वाली थीं। परीक्षा से पहले ही उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार आरोपी की तलाश जारी है।
