बालोद, 14 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के जमही टोल प्लाजा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जा टकराई।
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक कुसुमकसा की ओर से अपने गांव गुजरा लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भिजवाया। रात अधिक होने के कारण पोस्टमार्टम शनिवार सुबह किए जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान विनोद, प्रशांत और हरीश के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी बारीकी से जांच कर रही है।
👉 अपील: प्रशासन ने वाहन चालकों से रात के समय सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और सड़क किनारे खड़े वाहनों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है।
