कोरबा, 13 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। दर्री थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एनटीपीसी के दो वरिष्ठ अधिकारियों—डीजीएम रंजन कुमार श्रीवास्तव और डीजीएम जीवराज जाट—के सरकारी आवासों को निशाना बनाकर कीमती सामान पार कर दिया। घटना 11 फरवरी की रात की बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों अधिकारी अपने परिवार के साथ शहर से बाहर गए हुए थे। अगली सुबह पड़ोसियों ने जब दोनों घरों के ताले टूटे देखे तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
दोनों घरों के अंदर सामान बिखरा हुआ मिला, जिससे अंदेशा है कि चोरों ने पूरी तरह से तलाशी लेकर वारदात को अंजाम दिया। चोरी गए सामान और नुकसान का सही आकलन फिलहाल नहीं हो पाया है, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
डीजीएम जीवराज जाट का परिवार दो दिन पहले अपनी बेटी की शादी के सिलसिले में राजस्थान गया हुआ है। पड़ोसियों से जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि उनके लौटने के बाद ही चोरी गए सामान की पूरी जानकारी मिल सकेगी।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आवासों को सील कर जांच शुरू कर दी है। कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है।
