कोंडागांव, 13 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले के कोकोड़ी स्थित मक्का प्लांट में गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात उस समय हंगामा मच गया, जब लंबे समय से नाराज़ ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने प्लांट परिसर में घुसकर तोड़फोड़ की, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाली गंदगी और तेज बदबू के कारण आसपास के गांवों का जनजीवन प्रभावित हो रहा था। उनका कहना है कि कई बार शिकायत और आवेदन देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बार-बार आश्वासन मिलने से नाराज़ ग्रामीणों ने उग्र विरोध का रास्ता अपनाया।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी कई बार विरोध प्रदर्शन किए गए थे, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया। इसी के चलते देर रात बड़ी संख्या में ग्रामीण प्लांट पहुंच गए और जमकर हंगामा किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालांकि स्थिति इतनी तनावपूर्ण थी कि ग्रामीणों ने पुलिस को भी प्लांट के अंदर जाने से रोक दिया। हालात को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अतिरिक्त बल भी बुलाया गया है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
फिलहाल क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की गई है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि ग्रामीणों की शिकायतों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
