रायपुर, 12 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। राजधानी रायपुर की थाना कबीर नगर पुलिस और एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाईन सट्टा संचालित कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 लाख रुपये नगद, 7 मोबाईल फोन, 4 बैंक पासबुक, 1 चेकबुक तथा 27 एटीएम/क्रेडिट/डेबिट कार्ड जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 19,70,000 रुपये आंकी गई है।
तिरंगा चौक के पास रेड कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार थाना कबीर नगर क्षेत्र के फेस-02 तिरंगा चौक के पास ऑनलाईन सट्टा संचालित किए जाने की सूचना एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट को मिली थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। रेड के दौरान मौजूद आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया।
मास्टर आईडी बनाकर चला रहे थे नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक सचदेवा, गौरव सचदेवा, ऋषभ रंगलानी और ओम खेमानी के रूप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी रामको777 डॉट कॉम, वुड777 डॉट कॉम और पॉवर एक्सचेंज डॉट कॉम जैसी ऑनलाईन बैटिंग साइटों के माध्यम से मास्टर आईडी बनाकर कमीशन बेस पर अन्य लोगों को आईडी उपलब्ध कराते थे और अवैध लाभ अर्जित कर रहे थे।
पूर्व में भी जेल जा चुके हैं दो आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी ओम खेमानी थाना आमानाका तथा दीपक सचदेवा थाना खम्हारडीह से पूर्व में भी सट्टा प्रकरण में जेल निरुद्ध रह चुके हैं।
वैधानिक कार्रवाई
आरोपियों के विरुद्ध थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 44/26 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 तथा धारा 112(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
साथ ही आईडी लेकर ऑनलाईन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की जानकारी भी जुटाई जा रही है, जिनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वर्ष 2026 में अब तक बड़ी कार्रवाई
एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट ने वर्ष 2026 में अब तक ऑनलाईन सट्टा के 03 प्रकरणों में 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर 1,04,85,000 रुपये नगद, 2 लैपटॉप, 27 मोबाईल, 4 चारपहिया वाहन सहित कुल लगभग 1,92,20,000 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस का कहना है कि ऑनलाईन सट्टा और साइबर अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
