महासमुंद | 13 फरवरी, 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट):
महासमुंद जिले के सरायपाली क्षेत्र में नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर एक सिल्वर रंग की बोलेरो से 11 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 5.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुटका चौक पर हुई घेराबंदी
पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि ओड़िशा की ओर से एक सिल्वर बोलेरो में गांजे की बड़ी खेप महाराष्ट्र ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने नेशनल हाईवे-53 पर ग्राम पुटका चौक के पास नाकाबंदी कर दी। संदिग्ध वाहन के पहुंचते ही पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, तो पिछली सीट के नीचे प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
पुणे और औरंगाबाद के तस्कर शामिल
पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महाराष्ट्र के और दो स्थानीय निवासी हैं:
उमेश गोरे (पुणे)
विशाल भाऊ (औरंगाबाद)
मो. हबीब (महासमुंद)
जेहरू कुलदीप (महासमुंद)
आरोपियों के पास से गांजे के अलावा 4 मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो वाहन भी जब्त किया गया है।
जेल भेजे गए आरोपी
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों और हाईवे पर निगरानी और सख्त की जाएगी ताकि तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
