जशपुर, 12 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट):
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर गम्हरिया के पास गुरुवार सुबह करीब 6 बजे एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गम्हरिया निवासी लकड़ा मिस्त्री और हिरा मिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों पेशे से वाहन मिस्त्री बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकअप वाहन की गति काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि फरार चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
