गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 12 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पनकोटा गांव से एक दुखद घटना सामने आई है। शादी में हो रही देरी से मानसिक रूप से परेशान युवक और युवती की मृत्यु हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृष्णा भैना (18 वर्ष) और अनिता भैना (21 वर्ष) के बीच प्रेम संबंध था। दोनों विवाह करना चाहते थे और अरपा महोत्सव के दौरान आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में पंजीयन कराने का प्रयास भी किया था। हालांकि, युवक की उम्र वैधानिक सीमा से कम होने के कारण पंजीयन नहीं हो सका, जिससे विवाह टल गया।
बताया जा रहा है कि दोनों पिछले कुछ समय से साथ रह रहे थे और शादी न हो पाने से मानसिक रूप से व्यथित थे। परिजनों ने समझाने का प्रयास किया था कि वैधानिक आयु पूरी होने पर विधिवत विवाह कराया जाएगा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना ने युवाओं में भावनात्मक संतुलन, पारिवारिक संवाद और सामाजिक समर्थन की आवश्यकता पर एक बार फिर ध्यान आकर्षित किया है।
