रायपुर, 12 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। तेलीबांधा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.122 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अग्रसेन धाम चौक, फुण्डहर रोड क्षेत्र में एक युवक गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान अभय मिर्चे (24 वर्ष), निवासी तेलीबांधा गली नंबर 02 के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक बड़े विमल पान मसाला के थैले में सेलोटेप से लिपटा पैकेट मिला, जिसमें 2.122 किलोग्राम गांजा रखा हुआ था।
मामले में तेलीबांधा थाना में अपराध क्रमांक 64/2026 के तहत धारा 20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही तेलीबांधा, मंदिर हसौद, पंडरी और गंज थाना क्षेत्रों में चोरी, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े कुल 14 प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
