रायपुर, 12 फरवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)। एंड्रॉइड मोबाइल उपयोगकर्ताओं को फर्जी लिंक भेजकर बैंक खातों से लाखों रुपये पार करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के दो मुख्य आरोपियों को रायपुर रेंज पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन साइबर शील्ड” के तहत की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में पृथ्वी कुमार बिश्नोई उर्फ राहुल (20 वर्ष), निवासी ग्राम डोलीकला, थाना कल्याणपुर, जिला बाड़मेर (राजस्थान) तथा नरसिंह सिंह (24 वर्ष), निवासी भोपालगढ़, जिला जोधपुर (राजस्थान) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं।
RTO e-Challan के नाम पर भेजा गया फर्जी लिंक
मामले की शुरुआत तब हुई जब प्रार्थी धर्मेंद्र सिंह ने थाना विधानसभा में शिकायत दर्ज कराई कि उनके मोबाइल पर “RTOechallan” नाम से एक SMS प्राप्त हुआ। संदेश में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से 4.52 लाख रुपये कट गए।
शिकायत पर अपराध क्रमांक 8/26, धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता एवं 66(D) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना रेंज साइबर थाना को सौंपी गई।
जांच के दौरान गूगल, बैंकिंग संस्थानों, मोबाइल सेवा प्रदाताओं, यूट्यूब और टेलीग्राम एप से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। डिजिटल ट्रेल के आधार पर आरोपियों की पहचान कर टीम ने राजस्थान में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
Winmate और Wingo ऐप से बिछाया ठगी का जाल
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से Task Complete, Instant Bonus, Referral Bonus और गेम खेलकर कमाई का लालच देकर Winmate और Wingo जैसे ऐप्स का प्रचार करते थे।
ये ऐप्स प्ले स्टोर या ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं थे, बल्कि APK फाइल के रूप में डाउनलोड कराए जाते थे। इंस्टॉल होते ही यूजर को बोनस राशि दिखाई जाती और “SMS Task” के नाम पर उसके मोबाइल से बड़ी संख्या में फर्जी चालान व संदिग्ध लिंक भेजे जाते थे।
इन लिंक्स पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक कर बैंक खाते या ई-वॉलेट से अवैध निकासी की जाती थी।
Swiggy/Instamart से खपाई जाती थी ठगी की रकम
ठगी की रकम छिपाने के लिए आरोपी Swiggy/Instamart जैसे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए महंगे सामान मंगवाते थे और डिलीवरी अलग-अलग राज्यों में करवाते थे, जिससे ट्रांजेक्शन ट्रेस करना मुश्किल हो सके।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले भी Wingo ऐप से जुड़े साइबर फ्रॉड में महाराष्ट्र, ओडिशा और उत्तर प्रदेश से तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस की अपील: ऐसे रहें सतर्क
केवल अधिकृत Play Store/App Store से ही ऐप डाउनलोड करें।
“गारंटीड मुनाफा” या “आसान कमाई” जैसे लालच से बचें।
अनावश्यक रूप से SMS, कॉन्टैक्ट या बैंकिंग अनुमति मांगने वाले ऐप इंस्टॉल न करें।
किसी भी अज्ञात लिंक या APK फाइल पर क्लिक न करें।
ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in� पर शिकायत दर्ज करें।
रायपुर रेंज पुलिस ने नागरिकों से साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की
