जांजगीर-चांपा, 09 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जांजगीर-चांपा जिले में स्कूल फेयरवेल पार्टी के दौरान वाहनों पर खतरनाक स्टंट करना युवकों को महंगा पड़ गया। जांजगीर-चांपा पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए स्टंट में शामिल वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
मामला थाना नवागढ़ क्षेत्र अंतर्गत जीएलडी स्कूल, खैरताल का है। जानकारी के अनुसार दिनांक 04 फरवरी 2026 को स्कूल के फेयरवेल कार्यक्रम के दौरान एक कार और स्कॉर्पियो वाहन की बोनट व छत पर युवक बैठकर स्टंट करते नजर आए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
वीडियो की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन चालकों की पहचान कर उन्हें पकड़ा। पुलिस ने वाहन चालकों को समझाइश देने के साथ-साथ मोटरयान अधिनियम के तहत 2800-2800 रुपये का समन शुल्क लगाया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह की लापरवाही न केवल स्टंट करने वालों के लिए बल्कि सड़क पर मौजूद अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है।
साथ ही, आमजन से अपील की गई है कि खतरनाक स्टंट से बचें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
