रायपुर | 09 फरवरी 2026 | दुर्ग भिलाई अपडेट
रायपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अब तक की बड़ी और निर्णायक कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने महज 24 घंटे के भीतर चार अलग-अलग प्रकरणों में 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 60 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
हिस्ट्रीशीटर का नेटवर्क भी आया सामने
इस बड़ी कार्रवाई में थाना कोतवाली के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया के नेटवर्क से जुड़े दो सदस्यों की संलिप्तता भी उजागर हुई है। इन आरोपियों के कब्जे से लगभग 4 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में महिला, पुरुष और विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं, जो लंबे समय से संगठित तरीके से नशे की तस्करी में लिप्त थे।
उरला बना था गांजा डम्पिंग हब
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में किराये के मकान को गांजा डम्पिंग सेंटर के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे। यहां ओडिशा से गांजा मंगवाकर उसे सोनभद्र, आगरा, नोएडा समेत उत्तर प्रदेश के कई शहरों में सप्लाई किया जा रहा था।
गांजा की तस्करी के लिए रेल मार्ग का इस्तेमाल किया जाता था और मांग के अनुसार अलग-अलग राज्यों में खेप भेजी जाती थी।
🔹 थाना उरला प्रकरण (अपराध क्रमांक 38/26)
बेन्द्री रोड, नउवा तालाब के पास गांजा बिक्री की फिराक में पकड़े गए संदीप केसरवानी और राजेश यादव से पूछताछ के बाद उरला स्थित किराये के मकान पर रेड की गई।
यहां से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी:
संदीप केसरवानी
राजेश यादव
अमन कुमार ठाकुर
चन्द्रिका उरांव
कोमल यादव
02 विधि से संघर्षरत बालक
🔹 थाना सिविल लाइन प्रकरण (अपराध क्रमांक 77/26)
खजाना चौक स्थित निर्माणाधीन भवन के पास गांजा बेचने की तैयारी में खड़े शाहरूख खान और राहुल कुशवाह (निवासी आगरा, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया।
इनके कब्जे से 5.699 किलो गांजा एवं मोबाइल फोन जब्त किए गए।
🔹 थाना कोतवाली प्रकरण
ओसीएम चौक के पास ग्राहक तलाश रहे ऋषभ ताण्डी उर्फ रिक्की ताण्डी एवं सौरभ ताण्डी को लगभग 4 किलो गांजा के साथ पकड़ा गया।
🔹 अन्य प्रकरण
तीन अन्य आरोपियों को भी गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है, जिनके विरुद्ध पृथक-पृथक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
नेटवर्क ध्वस्त करने एंड-टू-एंड कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी आरोपियों से बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर गहन पूछताछ की जा रही है। पूरे सिंडिकेट को जड़ से खत्म करने के लिए एंड-टू-एंड जांच जारी है।
एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट सहित थाना उरला, सिविल लाइन और कोतवाली पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
