जशपुर, 09 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सब्जी पकाने की मामूली बात पर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी छह माह की गर्भवती पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अपनी दो साल की बच्ची को लेकर फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया।
घटना ग्राम ढोठीपहरी, कुरूम ढोढा की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 06 फरवरी 2026 को प्रार्थी जेठू विश्वकर्मा (45), निवासी ग्राम बेलसुंगा, थाना नारायणपुर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी कमला विश्वकर्मा का प्रेम संबंध ग्राम ढोढ़ीबहार निवासी स्वदेश उर्फ सुदेश राम कोरवा से था और कुछ वर्ष पूर्व वह उसके साथ रहने चली गई थी। दोनों पति-पत्नी की तरह रह रहे थे और उनकी एक दो वर्षीय बेटी भी है। कमला उस समय छह माह की गर्भवती थी।
करीब जनवरी माह से आरोपी अपनी पत्नी और बच्ची के साथ प्रार्थी के घर ग्राम बेलसुंगा में रह रहा था। बाद में घटना से लगभग एक सप्ताह पहले आरोपी अपनी पत्नी और बच्ची को लेकर अपने नाना के घर ग्राम ढोठीपहरी, कुरूम ढोढा चला गया था।
दिनांक 06 फरवरी की शाम लगभग 7:30 बजे पति-पत्नी के बीच सब्जी बनाने को लेकर विवाद हुआ। विवाद के दौरान आरोपी स्वदेश उर्फ सुदेश राम कोरवा ने आवेश में आकर पास पड़े लकड़ी के डंडे से कमला के साथ मारपीट की और उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपनी दो वर्षीय बच्ची को लेकर फरार हो गया।
सूचना पर थाना नारायणपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर मौके पर पहुंचकर शव पंचनामा की कार्रवाई की। फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। मृतिका के नवविवाहिता होने के कारण दंडाधिकारी बगीचा की उपस्थिति में भी पंचनामा किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने मारपीट से आई चोटों के कारण हत्या होना स्पष्ट किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना नारायणपुर में धारा 103(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी स्वदेश उर्फ सुदेश राम कोरवा (27), निवासी ग्राम ढोढ़ीबहार, चौकी दोकड़ा, जिला जशपुर को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
आवश्यक साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
