सूरजपुर, 09 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले के रामनगर स्थित मोहरा एनीकट में नहाने के दौरान दो नाबालिग बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा रविवार दोपहर का है, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवनंदनपुर निवासी आदिल अंसारी (12 वर्ष), पिता सेराज अंसारी और जयनगर कुंजननगर निवासी अयान सद्दाम (15 वर्ष), पिता मो. जावेद अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए मोहरा एनीकट पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों एनीकट में नहाने के लिए पानी में उतरे, लेकिन गहरे पानी में चले जाने से डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें पहुंचीं और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हालांकि, शाम तक दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा होने और सुरक्षा कारणों को देखते हुए रविवार रात रेस्क्यू अभियान रोकते हुए क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई।
सोमवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम ने दोनों नाबालिगों के शव बरामद कर लिए। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने एनीकट जैसे खतरनाक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी बोर्ड लगाए जाने की मांग की है।
