बिलासपुर, 09 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम सोन में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घर की 17 वर्षीय बेटी का शव उसके कमरे में मिला, जिससे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सोन निवासी सुखीराम पटेल की पुत्री ईश्वरी पटेल शनिवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। रविवार सुबह करीब 6 बजे जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली, तो परिजनों को चिंता हुई। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद परिजनों ने कमरे के भीतर झांक कर देखा और घटना का पता चला।
सूचना मिलते ही पचपेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल घटना के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया है कि बेटी की मानसिक स्थिति बीते कुछ समय से ठीक नहीं थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
