कवर्धा, 09 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
कवर्धा जिले में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। ‘महादेव’ जैसे सट्टा ऐप्स पर निगरानी बढ़ने के बाद उभरकर आए नए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ‘किंगडम बुक’ से जुड़े पैनल ऑपरेटर सत्यवीर सिंह खुराना उर्फ राजा सरदार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे सट्टा नेटवर्क का संचालन रायपुर निवासी अनीश खान के निर्देश पर किया जा रहा था। अनीश खान द्वारा सुपर आईडी उपलब्ध कराई जाती थी, जिनके माध्यम से नीचे स्तर के ऑपरेटर ऑनलाइन सट्टा खिलाते थे। इस मामले में रोहित जांगड़े की संलिप्तता भी सामने आई है, जबकि अनीश खान और उसका सहयोगी स्वयम खुराना फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के माध्यम से करीब 70 से 80 ऑनलाइन आईडी संचालित की जा रही थीं। इन आईडी के जरिए बड़े पैमाने पर सट्टेबाजी कराई जा रही थी, जिसमें करोड़ों रुपये के लेन-देन का अनुमान लगाया जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2 से 3 मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और ऑनलाइन सट्टे से संबंधित इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए हैं। जब्त किए गए डेटा की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है, जिससे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की उम्मीद है।
पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी राजा सरदार पूर्व में गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। अब ऑनलाइन सट्टा संचालन में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की तैयारी की जा रही है।
इस मामले में ऑनलाइन सट्टा गेमिंग एक्ट की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। एसपी धर्मेंद्र सिंह छवई के अनुसार, एएसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में साइबर टीम आईडी नेटवर्क, लेन-देन और लिंक से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पूछताछ पूरी होने के बाद पूरे गिरोह और उससे जुड़े अन्य नामों का खुलासा किया जाएगा।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद शहर और आसपास सक्रिय ऑनलाइन सट्टा गिरोहों में हड़कंप मचा हुआ है।
