रायपुर, 09 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
राजधानी रायपुर में रविवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर अग्रसेन चौक के पास चलती एक कार अचानक आग की चपेट में आ गई। गाड़ी में सवार लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झारखंड पंजीयन की सुमो ग्रैंड कार रिंग रोड से गुजर रही थी, तभी उसमें अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते कुछ ही मिनटों में वाहन धू-धू कर जलने लगा और आग का गोला बन गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क से गुजर रहे लोगों में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग झारखंड के निवासी थे। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले चुकी थी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग लगने के कारण कुछ समय के लिए रिंग रोड पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर स्थिति संभालते हुए सड़क को खाली करवाया और ट्रैफिक को सामान्य कराया। फिलहाल वाहन में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तकनीकी खराबी की संभावना जताई जा रही है।
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कार को पूरी तरह आग की लपटों में घिरा देखा जा सकता है।
