कोरबा, 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत रखने और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने विशेष रात्रि अभियान चलाया। सजग कोरबा–सतर्क कोरबा पहल के तहत 7 और 8 फरवरी की दरमियानी रात को पूरे जिले में सघन चेकिंग और कांबिंग गश्त की गई।
अभियान के दौरान गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की जांच कर उन्हें सख्त हिदायत दी गई। शांति भंग की आशंका को देखते हुए 12 आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, वहीं संदिग्ध हालत में घूम रहे 3 लोगों पर भी वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।
कांबिंग गश्त के दौरान नशे में वाहन चलाते पाए गए दो चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
