बलौदाबाजार, 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। गिधौरी थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग ठगी के मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर जमीन बिक्री और शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
पहले मामले में संतोष कुमार साहू नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2017 में आरोपी ने रायपुर में 2000 वर्गफुट जमीन बेचने का सौदा किया और रजिस्ट्री से पहले करीब 8 लाख 11 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही रकम लौटाई गई।
दूसरे मामले में आरोपी पर अन्य लोगों के साथ मिलकर शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर रकम दोगुनी करने का लालच देकर कई लोगों से बड़ी रकम ठगने का आरोप है। पुलिस जांच में सामने आया कि इस गिरोह ने कसडोल, लवन, गिधौरी, शिवरीनारायण, महासमुंद और रायगढ़ सहित कई क्षेत्रों के लोगों को निशाना बनाया।
जांच के दौरान पुलिस ने मनोहर लाल साहू (35 वर्ष), निवासी ग्राम अमलीडीह को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने दोनों मामलों में संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि निवेश या जमीन खरीद-बिक्री के मामलों में पूरी जानकारी और दस्तावेज की जांच के बाद ही लेन-देन करें।
