डोंगरगढ़, 08 फरवरी ( दुर्ग भिलाई अपडेट) :जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डोंगरगढ़ पुलिस ने गांजा सेवन करते आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई महावीर पारा स्थित महावीर मंदिर के पीछे की गई, जहां आरोपी कथित तौर पर गांजा पीते पाए गए।
पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि कुछ लोग मंदिर परिसर के पीछे बैठकर नशा कर रहे हैं और शोर-शराबा कर रहे हैं। मौके पर पहुंची टीम ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से करीब 100 ग्राम गांजा और नशा करने के उपयोग में आने वाला सामान बरामद हुआ, जिसकी कुल कीमत लगभग 4 हजार रुपये बताई गई है।
सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना डोंगरगढ़ पुलिस टीम द्वारा की गई।
