राजनंदगांव 8 फरवरी ( दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत राजनांदगांव के लालबाग थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में शराब और एक स्कूटी जब्त की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक स्कूटी में अवैध रूप से शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर टीम ने नाकेबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 70 पौवा देशी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 6800 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त हीरो डेस्टिनी स्कूटी, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये है, भी जब्त की गई। कुल जब्ती की कीमत 56,800 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष तेजवानी (30 वर्ष) और भागवत प्रसाद तिवारी (58 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के पास शराब रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
