जांजगीर-चांपा, 08 फरवरी ( दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलौदा थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब जब्त की है। कार्रवाई जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम चारपारा में की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में अवैध शराब का भंडारण और बिक्री की जा रही है। टीम ने दबिश देकर बहोरिक सिंह कंवर (46 वर्ष) को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लगभग 20 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 2000 रुपये बताई जा रही है, बरामद की गई।
मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और एसडीओपी प्रदीप कुमार सोरी के मार्गदर्शन में की गई। छापेमारी में थाना बलौदा की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
