रायपुर, 8 फरवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
शहर में अवैध शराब की बिक्री पर लगाम लगाने के लिए तेलीबांधा पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने सिंधी मुक्तिधाम तालाब के पास अवैध रूप से देशी शराब बेचने की फिराक में खड़े एक युवक को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में शराब और बिक्री की नकद रकम जब्त की गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 7 फरवरी 2026 की शाम करीब 7:53 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिंधी मुक्तिधाम तालाब के समीप एक युवक सफेद प्लास्टिक की बोरी में शराब रखकर ग्राहकों का इंतज़ार कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तेलीबांधा थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 30 पौवा देशी मदिरा प्लेन रोमियो ब्रांड (प्रत्येक 180 एमएल) बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 5.400 बल्क लीटर है। जब्त शराब की कीमत लगभग 2400 रुपये बताई गई है। इसके अलावा अवैध बिक्री से अर्जित 120 रुपये नकद भी पुलिस ने जब्त किए। कुल जप्त मशरूका की अनुमानित कीमत 2520 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार युवक ने अपना नाम राजा ताण्डी, पिता विजय ताण्डी, उम्र 22 वर्ष, निवासी ब्रम्हदेव नगर, लाभाण्डी, रायपुर बताया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 52/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
तेलीबांधा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
