बिलासपुर | 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक महिला के अपने तीन छोटे बच्चों के साथ लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला पांडातराई क्षेत्र से इलाज के बहाने मायके बिलासपुर के लिए निकली थी, लेकिन आज तक अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सकी। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, पांडातराई वार्ड क्रमांक 15 निवासी बिसेन कार्निक (34) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी पत्नी पुष्पनंदनी कार्निक (26) अपने तीन बच्चों के साथ 2 फरवरी को दोपहर लगभग 12 बजे शारदा बस से बिलासपुर रवाना हुई थीं। शाम करीब 6 बजे जब पति ने संपर्क करने की कोशिश की, तो महिला के दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले।
इसके बाद परिजनों ने मायके पक्ष से संपर्क किया, लेकिन वहां भी महिला के नहीं पहुंचने की पुष्टि हुई। घबराए परिजनों ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
अगले दिन बस चालक से पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि महिला और उसके बच्चों को बिलासपुर के महाराणा प्रताप चौक के पास उतारा गया था। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है।
पीड़ित पति ने पुलिस पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से जल्द से जल्द महिला और बच्चों की सुरक्षित बरामदगी की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी संभावित स्थानों पर तलाश जारी है।
