कांकेर/भानुप्रतापपुर, 8 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के माध्यम से ब्लैकमेल कर ठगी करने वाले एक आरोपी को भानुप्रतापपुर पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पीड़ित को अश्लील वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर बड़ी रकम की वसूली कर रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 फरवरी को भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप वीडियो कॉल आया। कॉल के बाद आरोपी ने वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए। इस तरह आरोपी ने पीड़ित से करीब 84 हजार रुपये की ठगी कर ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर आरोपी की मौजूदगी राजस्थान के अलवर जिले में पाई गई। इसके बाद छत्तीसगढ़ पुलिस और राजस्थान पुलिस के आपसी समन्वय से आरोपी शाहिद खान (25 वर्ष), निवासी खारेड़ा, थाना मालाखेड़ा, जिला अलवर को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद 8 फरवरी को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रेम कुमार झा, पुलिस टीम और साइबर सेल की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से आने वाली वीडियो कॉल न उठाएं और अपनी निजी जानकारी साझा न करें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी या ब्लैकमेलिंग का शिकार होते हैं, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या जिला पुलिस हेल्पलाइन 94791-55125 पर संपर्क करें।
