रायपुर/आरंग, 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। आरंग-खरोरा मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें शादी समारोह से लौट रहे एक ही परिवार के दो लोगों की जान चली गई। धान से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल है, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुंतीबाई लोधी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे नंदकिशोर लोधी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। नंदकिशोर की मां राजकुमारी लोधी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि कुंतीबाई लोधी शादी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने रिश्तेदार नंदकिशोर और उनकी मां के साथ बाइक से गांव लौट रही थीं। इसी दौरान बजरंग केमिकल डिस्टलरी के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक लापरवाहीपूर्वक और अत्यधिक गति से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद वह ट्रक लेकर फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सूचना मिलने पर पुलिस ने नवापारा–राजिम रोड पर ग्राम चरौदा के पास घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक शराब के नशे में था। वाहन को जब्त कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं, जबकि घायल महिला का उपचार जारी है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने की लापरवाही के गंभीर परिणामों को उजागर करती है।
