कवर्धा, 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
कबीरधाम जिले के कवर्धा शहर में प्रतिबंधित नशीली सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान शहर के विभिन्न बाजारों, पान ठेलों और दुकानों में औचक निरीक्षण किया गया, जिससे दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
अभियान के दौरान पुलिस ने गोगो पेपर सहित अन्य प्रतिबंधित नशीली सामग्रियां बरामद कर मौके पर ही जब्त कीं। संबंधित दुकानदारों और ठेला संचालकों को थाने बुलाकर सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में प्रतिबंधित वस्तुओं की बिक्री पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर की गई। अभियान को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। डीएसपी कृष्णा चंद्राकर के नेतृत्व में थाना प्रभारी योगेश कश्यप और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को सफल बनाया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज को नशा-मुक्त बनाने के उद्देश्य से इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। वहीं आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं भी नशीली सामग्री की अवैध बिक्री या गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
