कांकेर, 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट) :
जिला उत्तर बस्तर कांकेर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कांकेर शहर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महुआ शराब बेच रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 फरवरी को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि गौशालापारा स्थित शिव मंदिर के पास ग्राम ठेकुना में अवैध रूप से महुआ शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी गुलेश्वर जैन (उम्र 59 वर्ष), निवासी ग्राम ठेकुना को मौके से पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से करीब 10 लीटर महुआ शराब और 200 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार साहू सहित पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
