खैरागढ़ | 20 जनवरी (दुर्ग-भिलाई अपडेट)
डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते इस्तेमाल के बीच ऑनलाइन सट्टा और जुए का जाल तेजी से फैलता जा रहा है। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले से जुड़े एक बड़े ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने हरियाणा के गुरुग्राम में छापेमारी कर अंतरराज्यीय सट्टा नेटवर्क से जुड़े 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ‘शिवा बुक’ नाम के ऑनलाइन सट्टा एप के जरिए देशभर में क्रिकेट, फुटबॉल, लाइव मैच और कैसीनो गेम्स पर अवैध सट्टा लगवा रहे थे। यह एप और वेबसाइट इस तरह से डिजाइन की गई थी कि आम लोगों को यह एक सामान्य ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म लगे।
नाम बदल-बदलकर चलाया जाता था सट्टा नेटवर्क
जांच एजेंसियों की नजर से बचने के लिए आरोपी लगातार एप और वेबसाइट के नाम बदलते रहते थे। ‘शिवा बुक’ के अलावा यह नेटवर्क ‘100 पैनल’ और ‘फेयर प्ले’ जैसे नामों से भी संचालित किया जा रहा था, जिससे इसकी पहचान और ट्रैकिंग मुश्किल हो सके।
सोशल मीडिया के जरिए फंसाते थे यूजर्स
पुलिस के मुताबिक सट्टा एजेंट व्हाट्सऐप, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर लोगों को जोड़ते थे। शुरुआत में यूजर्स को आईडी और पासवर्ड देकर मामूली मुनाफा दिखाया जाता था, जिससे उनका भरोसा जीता जा सके। इसके बाद उन्हें धीरे-धीरे बड़ी रकम का दांव लगाने के लिए उकसाया जाता था।
8 से 10 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि सट्टे की रकम सीधे बैंक खातों के जरिए ट्रांसफर कराई जाती थी। आरोपी अलग-अलग राज्यों में फर्जी और म्यूल अकाउंट खुलवाकर पैसों को कई खातों में घुमाते थे, ताकि असली स्रोत छिपाया जा सके। अब तक इस मामले में 8 से 10 करोड़ रुपये के संदिग्ध बैंक ट्रांजेक्शन के सबूत सामने आए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह नेटवर्क काफी बड़े स्तर पर फैला हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में इस सट्टा गिरोह से जुड़े और भी लोगों की गिरफ्तारी तथा बड़े खुलासे होने की संभावना है।
