आरंग 16 जनवरी।(दुर्ग भिलाई अपडेट) राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की जान चली गई। आरंग थाना क्षेत्र के पारागांव के पास मूरूम से लदा हाइवा तेज रफ्तार में सामने से आ रही बाइक से टकरा गया।
बताया गया कि टक्कर के बाद बाइक सवार तीनों लोग भारी वाहन के पहियों के नीचे आ गए और कुछ दूरी तक घसीटते चले गए। हादसा इतना भीषण था कि सड़क पर शवों के टुकड़े बिखर गए और मौके पर हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक प्लेटिना बाइक से महानदी की ओर मछली पकड़ने जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे हाइवा ने नियंत्रण खोते हुए बाइक को चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में मंगलू जलक्षत्री (28 वर्ष), उसका छह वर्षीय बेटा तिलक जलक्षत्री और श्रवण जलक्षत्री (40 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों आरंग के बागेश्वर पारा के निवासी थे।
घटना की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश के साथ मामले की जांच में जुट गई है।
