रायपुर,10 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कार में बैठकर सट्टा संचालित कर रहे चार सटोरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 50 लाख 35 हजार रुपये नकद, 2 लैपटॉप, 10 मोबाइल फोन, पासपोर्ट, एटीएम कार्ड, चेकबुक, कैलकुलेटर और एक लग्जरी कार जब्त की गई है। जब्त सामग्री और वाहन की कुल कीमत लगभग 80 लाख रुपये आंकी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि थाना गंज क्षेत्र के पाठक हॉस्पिटल रोड, सिंधु भवन पार्किंग के पास एक चारपहिया वाहन में कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा का संचालन कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
जांच के दौरान वाहन में सवार चार व्यक्तियों ने अपने नाम रितेश गोविंदानी, मोहम्मद अख्तर, विक्रम राजकोरी और सागर पिंजानी बताए। तलाशी में उनके लैपटॉप और मोबाइल फोन से ऑलपैनल डॉट कॉम, पॉवर डॉट कॉम, पॉवर एंड सीएच, क्लासिक एंड सीच99 डॉट कॉम जैसी ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के मास्टर आईडी के जरिए सट्टा संचालन किए जाने के सबूत मिले। पूछताछ में आरोपियों ने गोलमोल जवाब देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
पुलिस जांच में सामने आया कि रितेश गोविंदानी और सागर पिंजानी ऑनलाइन सट्टा खेलने और खिलाने वालों को मास्टर आईडी उपलब्ध कराते थे, जबकि मोहम्मद अख्तर और विक्रम राजकोरी कमीशन के आधार पर ग्राहकों को आईडी बांटते थे। इस नेटवर्क के जरिए चारों आरोपी अवैध रूप से मोटा मुनाफा कमा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना गंज में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7, 112(2) बीएनएस और 66(सी) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की पहचान कर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी रितेश गोविंदानी पूर्व में बलवा और सट्टा मामलों में तथा विक्रम राजकोरी प्रतिबंधित हुक्का सामग्री मामले में जेल जा चुका है। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
