**कोरबा। ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे पर बुधवार दोपहर एक महिला द्वारा सार्वजनिक रूप से कपड़े उतारकर हंगामा करने की घटना ने लोगों को हैरत में डाल दिया।** ऑटो से उतरते ही महिला अचानक भड़क गई और वहां मौजूद राहगीरों पर चिल्लाने लगी। उसका बच्चा इस दौरान उसके साथ खड़ा था, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में बेचैनी और चिंता बढ़ गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है, लेकिन पुलिस को अभी तक किसी ने शिकायत नहीं दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अपने बच्चे के साथ ऑटो में यात्रा कर रही थी। रास्ते में किसी मुद्दे पर उसकी ऑटो चालक से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर वह ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे के पास उतरी और गुस्से में अचानक कपड़े उतारकर लोगों पर अपशब्द बरसाने लगी। महिला और चालक दोनों की पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस मामले में चालक के व्यवहार की जांच और कार्रवाई की मांग उठाई है। जिला ऑटो संघ के अध्यक्ष आजम खान ने कहा कि घटना की जानकारी उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से मिली है। किस चालक से विवाद हुआ, इसकी पुष्टि के लिए प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि चालक की पहचान होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि अब तक न तो कोतवाली में और न ही किसी अन्य थाने में कोई शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि जैसे ही शिकायत प्राप्त होती है, पुलिस आवश्यक कार्रवाई करेगी।
