*****अर्जुन झा*****
बस्तर । ब्लाक के ग्राम पंचायत मधोता 02 खैरगुड़ा में जिला खनिज न्यास मद से प्राथमिक शाला भवन निर्माण का काम वर्षों से अधूरा पड़ा है। इस भवन के चारों ओर झाड़ियाँ उग आई हैं, जिससे बच्चों को एक ही कक्षा में पढ़ने को मजबूर होना पड़ रहा है। प्राथमिक शाला खैरगुड़ा में कक्षा एक से पांच तक लगभग 66 बच्चे दर्ज हैं।
हैरानी की बात यह है कि शासकीय कार्यों के लिए सूचना पटल होना अनिवार्य है, लेकिन इस निर्माणाधीन स्कूल भवन पर ऐसी कोई जानकारी नहीं है। सूचना पटल में स्वीकृत वर्ष, राशि, कार्य पूर्ण करने की समय सीमा, कार्य योजना, और कार्य एजेंसी का नाम उल्लेख किया जाना चाहिए, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं है। यह शासन प्रशासन की अनदेखी और भ्रष्टाचार का एक स्पष्ट उदाहरण है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि भ्रष्टाचार के कारण यह भवन अधूरा पड़ा है और शासन प्रशासन की अनदेखी के कारण बच्चों को परेशानी हो रही है। ग्राम पंचायत मधोता 02 खैरगुड़ा के निवासियों ने बताया कि प्राथमिक शाला भवन निर्माण का काम जिला खनिज न्यास मद से किया जा रहा था, लेकिन वर्षों से यह काम अधूरा पड़ा है। बच्चों को एक ही कक्षा में पढ़ने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही है।
बाजू में मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना 2022-23 अंतर्गत एक भवन निर्माण किया जा रहा है, वह भी आधा अधूरा है। सूचना पटल पर वर्षा ऋतु को छोड़कर चार महीने में कार्य पूर्ण करने की जानकारी दी गई है, लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं हुआ है।
इस मामले को लेकर सरपंच ईस्पर मंडावी से सम्पर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि यह कार्य योजना पूर्व कार्यकाल में स्वीकृत हुआ है और इसकी जिम्मेदारी पूर्व सरपंच और सचिव की है। उन्होंने कई बार पूर्व सरपंच और सचिव से अधूरे कार्य को पूरा करने के लिए कहा, लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं हुआ है। इससे साफ जाहिर है कि निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार किया जा रहा है।
स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों ने सरकार से मांग की है कि इस मामले में तुरंत संज्ञान लिया जाए और अधूरे पड़े भवन का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करवाया जाए। साथ ही, इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी होनी चाहिए ताकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सके।
इस दौरान शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष जगरु कश्यप, शाला प्रबंधन समिति उपाध्यक्ष नरेश ठाकुर, शिक्षाविद संजय सिंह ठाकुर, ग्राम प्रमुख त्रिनाथ ठाकुर, मोहित ठाकुर, हलधर ठाकुर, उदय ,लोकेश, गुड्डू बघेल आदि उपस्थित थे।
