रायपुर। राजधानी के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में सोमवार देर रात एक गंभीर दुर्घटना की आशंका से भरा मामला सामने आया। फेस–2 स्थित G ब्लॉक में करीब 10 बजे एक लिफ्ट अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई। घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिख रहा है कि एक महिला मंजिल पर पहुंचकर लिफ्ट का दरवाजा खोलने ही वाली थीं कि तभी लिफ्ट की मशीन का वजन टूटकर नीचे गिरा और केबिन तेजी से ऊपर की ओर उछल गया। तेज धमाके जैसी आवाज भी सुनाई दी। गनीमत रही कि उस वक्त लिफ्ट के अंदर कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।
घटना के बाद कॉलोनी के लोगों ने आरडीए पर लिफ्ट के नियमित रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाया। निवासियों का कहना है कि करीब पंद्रह दिन पहले भी लिफ्ट में खराबी आई थी, लेकिन शिकायतों के बावजूद इसे पूरी तरह ठीक नहीं कराया गया। मेंटेनेंस के नाम पर सिर्फ अस्थायी सुधार किए गए, जिसके कारण यह खतरा पैदा हुआ।
निवासी अब आरडीए से कठोर कार्रवाई, सुरक्षित लिफ्ट संचालन और नियमित तकनीकी जांच सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।
—
