***अर्जुन झा***
*बकावंड।* डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल उलनार में प्राचार्य मनोज शंकर के मार्गदर्शन में आज 26 नवंबर को भारतीय संविधान दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्रोच्चार के साथ हुई। डॉ. राजेंद्र प्रसाद और डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। प्राचार्य मनोज शंकर ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद और डॉ. भीमराव अम्बेडकर के योगदान को याद करते हुए संविधान की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को बताया कि कैसे भारतीय संविधान हम सभी को समानता, न्याय और स्वतंत्रता का अधिकार देता है और हमें अपने देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है। शिक्षक देवसिंह नेताम ने छात्रों को संविधान के मूल्यों और देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए।कक्षा 11वीं की छात्रा निमिषा झाली ने प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन और उनके द्वारा संविधान सभा में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को याद किया। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में शिक्षा को महत्व दें और समाज के विकास में योगदान दें। इसके बाद, सभी छात्रों को संविधान के प्रति शपथ दिलवाई गई।छात्रों ने संविधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार व्यक्त किए। अंत में प्राचार्य ने सभी छात्रों को संविधान के मूल्यों का पालन करने और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय के शिक्षकों और छात्रों ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए भागीदारी दी।
