जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम सुकली में नेशनल हाईवे-49 पर देर रात एक भयावह सड़क हादसा हुआ। ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने की टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जोरदार था कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी मृतक एक बारात कार्यक्रम से नवागढ़ लौट रहे थे, तभी सुकली के पास यह दुर्घटना घटित हुई। मृतकों में दो भारतीय सेना के जवान भी शामिल थे।
**हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की सूची (उम्र सहित):**
1. **राजेंद्र कश्यप – 27 वर्ष**
2. **पोमेश्वर जलतारे – 33 वर्ष**
3. **भूपेंद्र साहू – 40 वर्ष**
4. **विश्वनाथ देवांगन – 43 वर्ष**
5. **कमलनयन साहू – 22 वर्ष**
ये सभी नवागढ़ के सड़क पारा और शांति नगर इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।
**गंभीर रूप से घायल**
1. **सत्य नारायण साहू – 35 वर्ष**
2. **संतोष साहू – 30 वर्ष**
3. **दीपक केवट – 25 वर्ष**
तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही जांजगीर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने वाहनों को सड़क से हटवाकर ट्रैफिक बहाल कराया और मामले की जांच भी शुरू कर दी है। मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।
हादसे के बाद नवागढ़ और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है।



