रायगढ़, 24 नवम्बर। जिले के जामगांव स्थित एमएसपी स्टील प्लांट में रविवार को कार्य के दौरान एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। प्लांट परिसर में कन्वेयर बेल्ट के चलते एक श्रमिक के फँस जाने से घटना हुई, जिसके बाद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
मृत कर्मचारी की पहचान अमोरा (जांजगीर) निवासी लक्ष्मण साहू के रूप में हुई है। वह सामान्य रूप से अपनी निर्धारित शिफ्ट में कार्यरत था, तभी अचानक उसका हाथ कन्वेयर सिस्टम में चला गया और मशीन की ओर खिंचते हुए वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चोटें अत्यधिक होने के कारण उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों और लापरवाही की संभावना को लेकर भी पड़ताल की जा रही है। प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया।
घटना के बाद प्लांट परिसर में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
